पैसे रखें तैयार! सितंबर में लॉन्च होगा टाटा ग्रुप का सबसे बड़ा IPO, जानें पूरी डिटेल
नई दिल्ली। शेयर बाजार के निवेशकों के लिए इस सितंबर बड़ा मौका आने वाला है। टाटा ग्रुप की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी टाटा कैपिटल (Tata Capital) अपना अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ लेकर आ रही है। यह पब्लिक इश्यू 22 सितंबर वाले हफ्ते में लॉन्च होगा और 30 सितंबर तक कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने की उम्मीद है।
47.58 करोड़ शेयर होंगे ऑफर
अगस्त में दाखिल किए गए अपडेटेड DRHP के मुताबिक, टाटा कैपिटल के आईपीओ में कुल 47.58 करोड़ शेयर ऑफर किए जाएंगे। इनमें 21 करोड़ फ्रेश इक्विटी शेयर होंगे और 26.58 करोड़ शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत मौजूदा निवेशकों द्वारा बेचे जाएंगे।
OFS में टाटा संस 23 करोड़ शेयर और इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IFC) 3.58 करोड़ शेयर बेचेगी। फिलहाल टाटा संस के पास कंपनी की 88.6% हिस्सेदारी है, जबकि IFC के पास 1.8% हिस्सेदारी है।
11 अरब डॉलर का हो सकता है वैल्यूएशन
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस आईपीओ से टाटा कैपिटल का वैल्यूएशन करीब 11 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है। यह इश्यू देश के फाइनेंशियल सेक्टर का अब तक का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू साबित हो सकता है।
क्यों जरूरी है यह लिस्टिंग?
आईपीओ से मिली रकम का इस्तेमाल कंपनी अपने टियर-1 कैपिटल बेस को मजबूत करने और भविष्य की पूंजी आवश्यकताओं, खासकर लोन वितरण, को पूरा करने में करेगी।
साल 2022 में RBI ने टाटा कैपिटल को अपर लेयर NBFC के रूप में वर्गीकृत किया था। इस कैटेगरी की कंपनियों को 3 साल के भीतर शेयर बाजार में लिस्ट होना अनिवार्य होता है। इसी नियामकीय शर्त को पूरा करने के लिए यह आईपीओ लाया जा रहा है।
मजबूत नतीजे दे रही कंपनी
कारोबारी साल 2025-26 की जून तिमाही में टाटा कैपिटल का नेट प्रॉफिट 1,041 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की तुलना में दोगुने से भी ज्यादा है। वहीं कंपनी की कुल आय 6,557 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,692 करोड़ रुपये हो गई।
2007 में स्थापित टाटा कैपिटल आज 70 लाख से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दे रही है। कंपनी इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड, प्राइवेट इक्विटी फंड और वेल्थ मैनेजमेंट सर्विसेज भी उपलब्ध कराती है।
(डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी केवल सूचना हेतु है। निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश का निर्णय लेने से पहले वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें।)















