हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की विभिन्न शाखाओं में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन
लखनऊ। 15 अगस्त 2026 को मनाए जाने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की विभिन्न शाखाओं द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा को हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन राम सिंह यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रगान की भावना के साथ वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। विशेष रूप से हीरालाल यादव बालिका डिग्री कॉलेज की 19 यू0पी0 गर्ल्स बटालियन एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासन एवं जोश के साथ यात्रा में भाग लिया।

हीरालाल यादव पब्लिक स्कूल, बेंती, सरोजनी नगर शाखा के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ’’मानव श्रृंखला के माध्यम से भारत का भव्य मानचित्र बनाकर’’ राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए भारत के मानचित्र ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस अभिनव प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने ’’“एक भारत, श्रेष्ठ भारत”’’ की भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्‘‘ तथा देशभक्ति से जुड़े नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बना दिया। पूरे मार्ग में तिरंगे की छटा और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर राम सिंह यादव ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में इं0 अनुराग, इं0 तनुष्का, महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, एनसीसी अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया तथा “हर घर तिरंगा” और राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।














