योगी सरकार के फैसले से खुश हुईं मायावती, सीनियर केयर सेंटर शिफ्ट करने पर बोलीं- स्वागत योग्य कदम
लखनऊ: बसपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मुरादाबाद स्थित तथागत गौतम बुद्ध पार्क में सीनियर केयर सेंटर बनाए जाने के प्रस्ताव पर नाराजगी जताने के बाद अब यूपी सरकार के फैसले का स्वागत किया है। सरकार ने सीनियर केयर सेंटर को दूसरी जगह बनाने का निर्णय लिया है।
पहले जताई थी नाराजगी
कुछ दिन पहले मायावती ने ट्वीट कर कहा था कि मुरादाबाद के मान्यवर श्री कांशीराम जी नगर स्थित गौतम बुद्ध पार्क बौद्ध धर्म, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और कांशीराम जी के साथ-साथ बहुजन समाज के अनुयायियों की आस्था का स्थल है। यहां सीनियर केयर सेंटर का निर्माण कराए जाने से लोगों में नाराजगी है और माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने सरकार से तुरंत निर्माण रोकने की मांग की थी।
मायावती बोलीं- यह फैसला स्वागत योग्य
गुरुवार (11 सितंबर) को मायावती ने फिर ट्वीट करते हुए राज्य सरकार द्वारा सेंटर को अन्यत्र स्थानांतरित करने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा-
“गौतम बुद्ध पार्क शहर का लोकप्रिय स्थल है और बौद्ध धर्म, बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर व मान्यवर कांशीराम जी सहित बहुजन समाज के अनुयायियों की आस्था से जुड़ा हुआ है। यहां सीनियर केयर सेंटर न बनाकर उसे दूसरी जगह बनाने का फैसला स्वागत योग्य कदम है, इसके लिए सरकार धन्यवाद की पात्र है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि यूपी सरकार आगे भी सामाजिक शांति, आपसी सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाती रहेगी।
एससी-एसटी छात्रों के हितों को लेकर भी चिंता
इसी क्रम में मायावती ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों की शिक्षा से जुड़े मुद्दे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत बनाए गए चार मेडिकल कॉलेजों में शुरुआत में एससी वर्ग को 70% सीटें मिलती थीं। लेकिन हाल ही में अदालत ने अन्य कॉलेजों की तरह सिर्फ 21% आरक्षण का आदेश दिया है।
मायावती ने यूपी सरकार से अपील की कि वह अदालत में वास्तविक तथ्य रखे और आदेश को निरस्त कराए ताकि कमजोर वर्गों के हित सुरक्षित रह सकें।















