चार साहिबज़ादों की शहादत को नमन: अवध कॉलेजिएट स्कूल की सभी शाखाओं में विशेष आयोजन
लखनऊ। अवध कॉलेजिएट स्कूल की सभी शाखाओं में सिख इतिहास के अमर शहीद चार साहिबज़ादों की शहादत को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ स्मरण करते हुए विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महान बलिदान, साहस और धर्मनिष्ठा के मूल्यों से परिचित कराना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को बाबा अजीत सिंह जी, बाबा जुझार सिंह जी, बाबा जोरावर सिंह जी एवं बाबा फतेह सिंह जी के अद्वितीय बलिदान और वीरता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यालय परिसर में प्रार्थना सभा, भाषण, कविता पाठ तथा चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से चार साहिबज़ादों की शौर्यगाथा को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया, जिससे वातावरण श्रद्धा और गौरव से भर गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से सर्वजीत सिंह, जतिंदर वालिया एवं डॉ. ब्रह्मजोत कौर ने चार साहिबज़ादों के बलिदान को नमन करते हुए विद्यार्थियों को सत्य, साहस और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि चार साहिबज़ादों का जीवन आज की पीढ़ी के लिए एक महान प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, देशभक्ति की भावना तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।














