बड़े मंगल पर सरदार भगत सिंह विद्यालय में गूंजा सुंदरकांड पाठ, सेवा और भक्ति का दिया संदेश
लखनऊ, 23 जून 2026। बड़े मंगल के पावन अवसर पर सरदार भगत सिंह विद्यालय (अवध कॉलेजिएट की एक इकाई) में सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ। विद्यालय के प्रबंधक सर्वजीत सिंह एवं निदेशिका जतिंदर वालिया के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्याओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं शीतल जल सेवा की विशेष व्यवस्था की गई। विद्यार्थियों ने बड़े मंगल के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सेवा, परोपकार और मानवता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में प्रबंधक सर्वजीत सिंह एवं निदेशिका जतिंदर वालिया ने कहा कि बड़े मंगल का पर्व हमें निःस्वार्थ सेवा, समर्पण तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय की सभी शाखाओं की प्रधानाचार्याएं, निरीक्षण दल एवं सेक्शन प्रभारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को सेवा, सद्भावना और सामाजिक सहयोग के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित जनों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।















