NSS विशेष शिविर का गरिमामय समापन, छात्राओं ने सेवा और संवेदना का दिया संदेश
लखनऊ। हीरालाल यादव गर्ल्स डिग्री कॉलेज, गौरी, सरोजिनी नगर, लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। शिविर के अंतिम दिवस का शुभारम्भ प्रातःकाल योगाभ्यास, प्रार्थना एवं लक्ष्यगीत के साथ हुआ, जिसमें स्वयंसेविकाओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
शिविर के अंतर्गत स्वयंसेविकाएँ कार्यक्रम अधिकारियों के निर्देशन में सरोजिनी नगर स्थित वृद्धाश्रम पहुँचीं, जहाँ उन्होंने वृद्धजनों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएँ, खाद्य सामग्री एवं वस्त्र वितरित किए। इस सेवा कार्य के माध्यम से छात्राओं ने समाज के वरिष्ठ नागरिकों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों के साथ गीत गाए और उनके जीवन अनुभवों को भी सुना। वृद्धजनों ने छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि मा० राम सिंह यादव (अध्यक्ष, हीरालाल यादव ग्रुप ऑफ कॉलेजेज) रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ० अनामिका श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह में स्वयंसेविकाएँ रोशनी, वैष्णवी एवं कीर्ति ने सात दिवसीय विशेष शिविर की संक्षिप्त आख्या प्रस्तुत की, जिसमें विभिन्न सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों एवं सामुदायिक सेवा गतिविधियों का उल्लेख किया गया। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्वच्छता एवं कौशल विकास विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक रहे, जिनके माध्यम से समाज को जागरूक करने का संदेश दिया गया।

शिविर में उत्कृष्ट योगदान देने वाली स्वयंसेविकाओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्राचार्या डॉ० अनामिका श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस अवसर पर इं० अनुराग यादव (प्रबंध निदेशक), प्रतिभा पाण्डेय, कार्यक्रम अधिकारी डॉ० योगिता, रागिनी मिश्रा, डॉ० प्राची रायजादा, प्रिया राजपूत, देवेश यादव सहित महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगान के साथ सात दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ।















