पीएम मोदी की मां के अपमान पर सीएम योगी का कड़ा बयान, बोले- भारतवासी कभी नहीं सहेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि भारतवासी मां का अपमान कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
योगी आदित्यनाथ का बयान
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मां पूजनीय और वरेण्य हैं। संस्कृति की पालक और संस्कारों की संवाहक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनकी पूज्य माताजी के संस्कारों और संघर्षों का ही प्रभाव है कि वे देश की माताओं-बहनों की पीड़ा के स्थायी निदान के लिए अविराम कार्य कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम श्री स्कूल और पीएम आवास जैसी योजनाएं इसी कल्याणकारी सोच का परिणाम हैं।
मां के सम्मान पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “प्रधानमंत्री के यशस्वी नेतृत्व में मां भारती की बेटियों का जीवन आसान हुआ है और उन्हें सम्मान व सुविधा मिली है। भारत में मां का स्थान और सम्मान सर्वोच्च था, सर्वोपरि है और सदैव रहेगा। भारतवासी कभी भी मां का अपमान नहीं सहेंगे।”
बीजेपी ने क्या कहा था?
सीएम योगी का यह बयान भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर किए गए एक वीडियो पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए आया। बीजेपी ने लिखा था— “हो सके किसी के वास्ते, चलो जीते हैं! अपने बचपन और अपनी मां के संघर्ष से प्रेरणा लेकर पीएम मोदी ने देश की माताओं-बहनों की पीड़ा को समझा और दूर करने के लिए दूरदर्शी कदम उठाए। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत अभियान, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, पीएम श्री स्कूल और पीएम आवास जैसी योजनाएं इसी महत्वाकांक्षी सोच का परिणाम हैं।”















