बिहार चुनाव में अकेले उतरेगी बसपा, मायावती ने आकाश आनंद को दी बड़ी जिम्मेदारी
पटना। बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति साफ कर दी है। बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने घोषणा की है कि पार्टी आगामी चुनाव में अकेले अपने दम पर सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। इसके साथ ही उन्होंने अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।
मायावती ने तेज की चुनावी तैयारियां
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बीते दो दिनों में वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ उम्मीदवारों के चयन, संगठनात्मक तैयारी और रणनीति पर गहन चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की बैठकों में कमियों को दूर करने और पूरी मुस्तैदी से चुनावी मैदान में उतरने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चुनावी अभियान के तहत अगले महीने से यात्रा और जनसभाओं का कार्यक्रम शुरू होगा। इन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी आकाश आनंद, केंद्रीय कोऑर्डिनेटर और राज्यसभा सांसद रामजी गौतम तथा बीएसपी बिहार इकाई को सौंपी गई है।
तीन जोन में बंटेगी बिहार की सीटें
मायावती ने कहा कि बिहार एक बड़ा राज्य है, इसलिए वहां की विधानसभा सीटों को तीन जोन में बांटकर जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को दी जाएगी। इसके जरिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की योजना है।
पहले उड़ीसा-तेलंगाना में भी की समीक्षा
मायावती ने यह भी बताया कि हाल ही में उड़ीसा और तेलंगाना में भी पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई है। वहां यूपी की तर्ज पर जिला से लेकर बूथ स्तर तक कमेटियां गठित कर जनाधार बढ़ाने पर जोर दिया गया है।















